मुंबई: एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में एक और आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, जिससे गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या 11 हो गई है। हालांकि, मुख्य शूटर शिव कुमार गौतम और हत्या की साजिश में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। मुंबई पुलिस ने बुधवार को हरियाणा के कैथल जिले के नथुवां पट्टी निवासी 29 वर्षीय अमित कुमार को गिरफ्तार किया। इससे पहले रविवार को राजस्थान के उदयपुर निवासी एक कबाड़ व्यापारी भगवत सिंह ओम सिंह को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया गया था। उस पर 12 अक्टूबर को बाबा सिद्दीकी की हत्या करने वालों को हथियार मुहैया कराने का आरोप है। बाबा सिद्दीकी की उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने अब तक दो शूटरों, गुरमीत बलजीत सिंह और धर्मराज राजेश कश्यप को गिरफ्तार किया है। हालांकि, मुख्य शूटर शिवकुमार गौतम और साजिश में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।