https://islamictube.in/new_site/public/images/news_images/9997_2026-11-03_islamictube.webp

मुरासु का कहर शुरू: 120 किमी/घंटा के झोंके, 32 ट्रेनें रद्द, तेलंगाना में ऑरेंज अलर्ट

भीषण चक्रवात 'मुरासु' ने आंध्र प्रदेश के तट पर दी दस्तक: 100-120 किमी/घंटा की रफ्तार, 32 ट्रेनें और कई उड़ानें रद्द; जानें हेल्पलाइन और 'मुरासु' नाम का मतलब

भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' मंगलवार तड़के आंध्र प्रदेश के तट से टकरा गया। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए सुबह 3:30 से 5:30 बजे के बीच दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल के करीब से गुजरा। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 100 से 110 किमी प्रति घंटा रही, जबकि झोंके 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंचे।

कहां-कहां असर?

नेल्लोर, काकीनाडा और कोनासीमा में रविवार रात से बारिश जारी है। काकीनाडा में सड़कें जलमग्न हो गईं।

कृष्णा, श्रीकाकुलम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम और मन्यम जिलों में भी बारिश हो रही है।

विशाखापत्तनम के ऋषिकोंडा तट पर एक नाव फंसी, जबकि नेल्लोर में फंसी नाव के सवार लोगों को बचा लिया गया।

तेलंगाना: खम्मम, नलगोंडा, सूर्यापेट, महबूबनगर, वानापर्थी और नगरकुर्नूल में ऑरेंज अलर्ट। हैदराबाद समेत कई जिलों में मध्यम बारिश की संभावना।

मछुआरों को स्थिति सामान्य होने तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

सरकारी तैयारियां

आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के MD प्रखर जैन के अनुसार, NDRF की 6 और SDRF की 7 टीमें तैयार हैं।

3, 4 और 5 नवंबर को घाट रोड पर यात्रा न करने की चेतावनी है, क्योंकि भूस्खलन और चट्टानें गिरने का खतरा है।

बिजली मंत्री गोट्टीपति रवि कुमार ने निर्देश दिया कि आपूर्ति बाधित होने पर 48 घंटे में बहाली हो और 1912 कॉल सेंटर चौबीसों घंटे चालू रहे। जरूरत पर तेलंगाना और तमिलनाडु से अतिरिक्त कर्मचारी बुलाने की बात भी कही।

अर्नब चक्रवात से फसलें पहले ही प्रभावित हैं। कृष्णा जिले में धान, मूंगफली, कपास, गन्ना और बागवानी की फसलें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिससे किसान और चिंतित हैं।

ट्रेनें और उड़ानें प्रभावित

दक्षिण मध्य रेलवे और पूर्वी तट रेलवे की करीब 32 ट्रेनें रद्द की गईं, कुछ के मार्ग बदले गए।

2 नवंबर को चेन्नई से विजयवाड़ा, राजमुंद्री, कडप्पा और तिरुचि के लिए इंडिगो की 11 उड़ानें रद्द हुईं। विजयवाड़ा, राजमुंद्री, तिरुपति और विशाखापत्तनम हवाई अड्डों पर भी परिचालन प्रभावित रहा।

यात्रा से पहले रेलवे और एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर ताजा जानकारी जरूर जांचें।

मदद कैसे मिलेगी?

'मनमित्र' व्हाट्सऐप सेवा: 9552300009 पर 'हाय' लिखें, 'मुरासु चक्रवात संबंधी समस्याएं' चुनें, फिर 'समस्या की रिपोर्ट करें' और 'पुष्टि करें' पर क्लिक करें। नाम, जिला और मंडल देना जरूरी है, और जरूरत पर तस्वीरें भी अपलोड की जा सकती हैं।

हेल्पलाइन: 112, 1070 या 18004250101

'मुरासु' नाम का मतलब

कर्नाटक मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष पुवियारसन के मुताबिक, यह नाम उन्होंने चेन्नई मौसम विभाग में रहते हुए सुझाया था। WMO के दिशा-निर्देशों के तहत नाम किसी धर्म, राजनीति या निजी व्यक्ति से जुड़ा न हो, उच्चारण में आसान हो और आठ अक्षरों से ज्यादा का न हो। पुराने समय में राजाओं के शासन में 'मुरासु' (ढोल) से जनता तक संदेश पहुंचाए जाते थे, इसलिए आम लोगों से जुड़ाव को देखते हुए यह नाम चुना गया। उन्होंने 'एर', 'कलप्पई', 'नवाई', 'पटागु' और 'तिरुक्कई' जैसे नाम भी सुझाए थे।