उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हाटा कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। एक ओमनी वैन सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एक 17 साल का किशोर गंभीर रूप से घायल है।
कैसे हुआ हादसा?
मृतक कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के रहने वाले थे।
वे ओमनी वैन से देवराज पिपरा में रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में गए थे।
रविवार देर रात लौटते समय हाटा कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी।
वैन पिचक गई और सवार लोग बुरी तरह फंस गए। चीख-पुकार मच गई, लेकिन रेस्क्यू शुरू होने तक 6 लोग दम तोड़ चुके थे।
पुलिस और राहत कार्य
राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और राहगीरों की मदद से राहत-बचाव कार्य चलाया। 17 साल के घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा कैसे और किसकी गलती से हुआ, इसकी जांच जारी है।
मृतकों की पहचान
कन्हैया प्रसाद (40), भलुही गांव के प्रधान प्रतिनिधि
रामबेलास (65), कन्हैया प्रसाद के पिता
राममिलन (35)
आयुष (12)
मृदुल मिश्रा (37)
रंजय गुप्ता (35)
घायल: राममिलन का 17 वर्षीय बेटा आर्यन गंभीर रूप से घायल है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।