सिर्फ शाकाहारी होना ही वजह नहीं: इन 5 कारणों से भी हो सकती है विटामिन B12 की कमी, डॉक्टर ने बताया
विटामिन B12 शरीर के लिए बेहद जरूरी है। यह रेड ब्लड सेल्स बनाने, नसों को स्वस्थ रखने और DNA के निर्माण में मदद करता है। इसकी कमी से कई परेशानियां हो सकती हैं। आमतौर पर माना जाता है कि यह कमी सिर्फ शाकाहारी लोगों में होती है, लेकिन डॉ. शालिनी सिंह सालुंके (MBBS डॉक्टर और 'माई एक्सपर्ट डॉक्टर' की फाउंडर) के अनुसार यह धारणा सही नहीं है। उनका कहना है कि B12 की कमी 70 प्रतिशत लोगों में पाई जाती है, जबकि शाकाहारी सिर्फ 30 प्रतिशत हैं। इसलिए इसके कारणों को समय रहते पहचानना जरूरी है।
B12 की कमी के 5 कारण
1. खाने को जरूरत से ज्यादा पकाना
ज्यादा पकाने से स्वाद भले बढ़े, लेकिन B12 जैसे पोषक तत्व नष्ट हो सकते हैं। खाना हल्की आंच पर पकाएं और ओवरकुक न करें।
2. कुछ दवाओं का लंबे समय तक सेवन
लंबे समय तक कुछ दवाएं लेने से B12 का स्तर प्रभावित हो सकता है। इनमें मेटफॉर्मिन जैसी डायबिटीज की दवाएं और प्रोटॉन पंप इनहिबिटर जैसी एसिडिटी घटाने वाली दवाएं शामिल हैं।
3. पर्निशियस एनीमिया
यह एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर में 'इंट्रिंसिक फैक्टर' प्रभावित होता है। यह प्रोटीन B12 के अवशोषण के लिए जरूरी है। इसकी कमी या इसके ठीक से काम न करने पर शरीर में B12 की कमी हो जाती है।
4. पेट से जुड़ी समस्याएं
पेट का एसिड B12 को भोजन से अलग करने में मदद करता है। अगर पेट की समस्याएं हैं या एसिड कम बनता है, तो शरीर के लिए B12 को सोखना मुश्किल हो सकता है। एट्रोफिक गैस्ट्राइटिस जैसी स्थितियां भी कमी का कारण बन सकती हैं।
5. बढ़ती उम्र
उम्र बढ़ने के साथ शरीर में कई बदलाव आते हैं, जिससे भोजन से B12 लेना कठिन हो जाता है। इसी वजह से बुजुर्गों में इसकी कमी का खतरा ज्यादा होता है।
अस्वीकरण: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ या चिकित्सक से सलाह जरूर लें। कोई भी दवा बिना डॉक्टर की सलाह के बंद या शुरू न करें।